उत्‍तराखंड

भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया सहित 22 महिलाओं को मिलेगा इस साल का तीलू रौतेली पुरस्कार

0
उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली

आठ अगस्त यानी रविवार को उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर उत्तराखंड सरकार प्रदेश की 22 वीरांगनाओं को तीलू रौतेली राज्य स्तरीय पुरस्कार देगी. यह पुरस्कार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिया जाएगा.

विभाग की ओर से शुक्रवार को वर्ष 2020-21 के पुरस्कारों के लिए चयनित महिलाओं के नामों की घोषणा कर दी गई थी. भारतीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया सहित 22 महिलाओं को ये पुरस्कार मिलेगा. सरकार की ओर से इस साल पुरस्कारों की धनराशि बढ़ाई गई है.

तीलू रौतेली पुरस्कार की धनराशि को 21 हजार से बढ़ाकर 31 हजार रुपये किया गया है. जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार की धनराशि दस हजार से बढ़ाकर 21 हजार रुपये की गई है.

राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए देहरादून से डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान, श्यामा देवी, अनुराधा वालिया, डॉ. कंचन नेगी, उत्तरकाशी से रीना रावत, हरिद्वार से वंदना कटारिया, चमोली से चंद्रकला तिवारी, ऊधमसिंह नगर से नमिता गुप्ता, बिंदुवासिनी, उमा जोशी, बागेश्वर से रुचि कालाकोटी, ममता मेहता, पौड़ी गढ़वाल से अंजना रावत, नैनीताल से पार्वती किरौला, अल्मोड़ा से कनिका भंडारी, भावना शर्मा, पिथौरागढ़ से बबीता पुनेठा, दीपिका बोहरा, दीपिका चुफाल, रेखा जोशी, चंपावत से रेनू गडकोटी, टिहरी गढ़वाल से पूनम डोभाल को पुरस्कृत किया जाएगा. 

वहीं आंगनबाड़ी पुरस्कारों के लिए अल्मोड़ा से गौरा कोहली, पुष्पा प्रहरी, चंपावत से पुष्पा पाटनी, गीता चंद, हरिद्वार से गलिस्ता, देहरादून से अंजना, संजू बलोदी, मीनू, ज्योतिका पांडे, उत्तरकाशी से सुमन पंवार, पौड़ी गढ़वाल से राखी, सुषमा गुसांई, चमोली से आशा देवी, नैनीताल से दुर्गा बिष्ट, ऊधमसिंह नगर से सोहनी शर्मा, वृंदा, प्रोन्नति विश्वास, बागेश्वर से हंसी धपोला, गायत्री दानू, पिथौरागढ़ से हीरा भट्ट, टिहरी से सुषमा पंचपुरी व रुद्रप्रयाग जिले से सीमा देवी को पुरस्कृत किया जाएगा. 

वीरबाला तीलू रौतेली के नाम पर भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों को पुरस्कार के लिए चयनित किए जाने को विपक्षी दलों ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. कांग्रेस का कहना है कि भाजपा अपने नेताओं को खुश करने के लिए पुरस्कार के नाम पर जनता का पैसा लूटा रही है. उधर उक्रांद ने कहा कि पुरस्कार के लिए चयनित सूची में वास्तविक रूप से पात्र महिलाओं की अनदेखी की गई है.  

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से पुरस्कार के लिए जिन 22 महिलाओं के नामों की सूची जारी की गई है, उसमें भाजपा के कुछ अन्य पदाधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं. 

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नवीन पीरशाली ने कहा कि भाजपा सरकार ने वीरांगना तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए पार्टी के लोगों का चयन किया है. जो इस पुरस्कार का अपमान है.  पुरस्कार के लिए सामाजिक, शिक्षा, साहित्य, वीरता साहस, खेल, पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का चयन करने के बजाए सरकार ने भाजपा महिला मोर्चा व नेताओं के परिजनों का चयन किया है.

एक तरफ राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को पुरस्कार दिया गया है तो दूसरी तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं को पुरस्कार के लिए चयन किया है.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version