उत्तराखंड में 8 से 14 अक्टूबर तक भारतीय सेना की भर्ती है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए हैं और अब इसकी तिथि 28 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी गई है। 29 सितंबर को यह साइट बंद हो जाएगी।
भर्ती के इच्छुक अथ्यर्थियों के लिए एक से छह अक्टूबर तक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड भी उपलब्ध करा दिए जाएंगे। भर्ती के लिए उन्हें आवेदन पत्र और एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंट साथ में लाना जरूरी होगा। इसके बिना किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के निदेशक कर्नल बीएमएस तलवार के अनुसार पहले ऑनलाइन आवेदन की तिथि 24 सितंबर तक रखी गई थी, जिसे चार दिन और बढ़ा दिया गया है। भर्ती कार्यालय लैंसडौन की ओर से की जाने वाली इस भर्ती में गढ़वाल मंडल के सभी सात जिले पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार और देहरादून के अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।
कुमाऊं मंडल में भी अक्टूबर महीने में ही भर्ती होनी है। कुमाऊं मंडल के 6 जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उधमसिंहनगर, पिथौरागढ़ और चंपावत में 28 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भर्ती होगी।
इसके लिए ऑनलाइन आवेदन जरूरी है। जिस अभ्यर्थी ने ऑनलाइन आवेदन नहीं किया होगा, उसे भर्ती रैली में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन सेना की वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) पर किया जा सकता है। एक से छह अक्टूबर तक इसी वेबसाइट पर अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र ऑनलाइन निकाल सकते हैं, जिसमें उनके जिले की भर्ती की तिथि समेत पूरी जानकारी होगी।
इन पदों के लिए होगी भर्ती
- सैनिक जीडी, सैनिक लिपिक/एसकेटी और सैनिक टेक्निकल की भर्ती गढ़वाल मंडल के सभी जिलों के मूल निवासियों के लिए।
- उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में रहने वाले गोरखा जो मूल रूप से भारत के निवासी हों के लिए केवल सैनिक जीडी भर्ती होगी।
किस जिले की किस दिन होगी भर्ती
तारीख | जिला |
08 अक्टूबर | हरिद्वार |
09 अक्टूबर | पौड़ी |
10 अक्टूबर | उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग |
11 अक्टूबर | चमोली |
12 अक्टूबर | टिहरी |
13 अक्टूबर | देहरादून |
14 अक्टूबर | उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के भारतीय गोरखा |